‘पृथ्वीराज’ के निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी को पद्म सम्मान, अक्षय कुमार ने दी बधाई, सोनू निगम भी हुए पद्मश्री
नई दिल्ली। 73वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत सरकार ने पद्म सम्मानों की घोषणा की। कला, खेल, साहित्य और सामाजिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को पद्म अवॉर्ड से नवाजा गया। हिंदी फिल्म इंडस्ट्री से सम्मानित होने वालों में निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी और गायक सोनू निगम शामिल हैं। चंद्रप्रकाश द्विवेदी और सोनू निगम को पद्मश्री का एलान किया गया। वहीं, बंगाली और हिंदी फिल्मों में काम करने वाले वेटरन एक्टर विक्टर बनर्जी को पद्म भूषण सम्मान घोषित किया गया।
अक्षय कुमार ने पद्मश्री सम्मान विजेताओं का स्वागत करते हुए चंद्रप्रकाश द्विवेदी के लिए खुशी जाहिर की। अक्षय ने ट्वीट किया- पद्म अवॉर्ड लिस्ट में महान नामों को देखकर अच्छा लगा। विज्ञान, सशस्त्र सैन्य बल, खेल, उद्योग और कला… साथ ही मेरे दोस्त निर्देशक डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी। गौरवान्वित।
बता दें, डॉ. चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने पृथ्वीराज का निर्देशन किया है। महाराजा पृथ्वीराज चौहान की इस कहानी में अक्षय शीर्षक भूमिका में हैं। डॉ. द्विवेदी अपने धारावाहिकों और फिल्मों में ऐतिहासिक टिप्पणियां करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी सबसे यादगार कृति धारावाहिक चाणक्य है, जिसमें उन्होंने खुद यह किरदार निभाया था। इसके अलावा उन्होंने पिंजर जैसी फिल्म का निर्देशन किया है।
वहीं, सोनू निगम बॉलीवुड के सबसे मशहूर गायकों में से एक हैं। सोनू ने अपने करियर में तमाम बड़े सितारों की फिल्मों के लिए आवाज दी है। लगभग दो दशक के करियर में सोनू ने पांच हजार से अधिक गानों को आवाज दी है। सोनू ने सिंगिंग करियर की शुरुआत मोहम्मद रफी के गीतों को गाकर की थी, जिसके लिए उन्हें खूब शोहरत मिली। उन्होंने फिल्मी गानों के अलावा म्यूजिक एल्बम और भजनों के लिए भी गायन किया है।
पद्म भूषण से सम्मानित विक्टर बनर्जी ने हिंदी, अंग्रेजी, बंगाली और असमी भाषाओं में रोमन पोलांस्की, जेम्स आइवरी, सत्यजीत रे, मृणाल सेन और श्माम बेनेगल से निर्देशकों के साथ काम किया है। शतरंज के खिलाड़ी, कलयुग, माई ब्रदर निखिल, सरकार राज, गुंडे जैसी फिल्मों में वो विभिन्न भूमिकाओं में नजर आ चुके हैं।