कवर्धाक्राइममध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

भोरमदेव में पिकनिक के बहाने ले जाकर दोस्त की पत्थर से कुचलकर हत्या, 7 दिन में पुलिस का बड़ा खुलासा

News Ad Slider


शराब के नशे में बाइक से गिरने पर हुआ था विवाद, आरोपी गिरफ्तार; मोटरसाइकिल और खून से सना पत्थर बरामद
कबीरधाम।
जिले के बोड़ला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बंजारी के नायक ढाबा के पास मिले अज्ञात युवक के शव के अंधे कत्ल की गुत्थी को कबीरधाम पुलिस ने महज 7 दिनों के भीतर सुलझा लिया है। दोस्त ही निकला दोस्त का कातिल! आरोपी ने शराब पिलाने और भोरमदेव घूमने के बहाने ले जाकर रास्ते में मामूली विवाद पर सिर और सीने पर पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर अपने ही मित्र को मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस ने शातिर कातिल को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सना पत्थर, मृतक की बाइक और वारदात के वक्त पहने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
झाड़ियों में मिला था शव, पोस्टमार्टम से खुला हत्या का राज
घटना का खुलासा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र बघेल एवं अमित पटेल ने बताया कि 15 जुलाई 2026 को बंजारी स्थित नायक ढाबा के समीप एक अज्ञात व्यक्ति की संदिग्ध लाश मिलने की सूचना मिली थी। बोड़ला पुलिस ने तत्काल मर्ग कायम कर जांच शुरू की। मृतक की शिनाख्त उदय प्रताप सिंह राजपूत (34 वर्ष), निवासी लवकुश नगर, जामुल (जिला दुर्ग) के रूप में हुई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने सिर और सीने पर किसी भारी व भोथरी चीज से वार किए जाने के कारण मौत होना बताया। इसके बाद पुलिस ने भादवि की जगह नई भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी।
40 से ज्यादा CCTV कैमरों ने खोला कातिल का सुराग
एसपी के निर्देशन में SDOP बोड़ला अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में बोड़ला थाना व साइबर सेल की संयुक्त विशेष टीम का गठन किया गया। जांच टीम ने टोल प्लाजा और भोरमदेव क्षेत्र के 40 से अधिक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले। फुटेज के सूक्ष्म विश्लेषण और गवाहों के बयानों से पता चला कि मृतक को अंतिम बार उसके दोस्त हीरासिंह उर्फ बउवा केंवट (45 वर्ष), निवासी घासीदास नगर, जामुल (दुर्ग) के साथ मोटरसाइकिल (CG 07 BM 6475) पर जाते देखा गया था।
बाइक से गिरने पर हुआ विवाद और बन गया कातिल
कड़ाई से पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आगे संदेही हीरासिंह टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 14 जुलाई को वह उदय को शराब पीने और चिल्फी घाटी घूमने के बहाने लाया था। रास्ते में बाइक से गिरने की बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। गुस्से में आकर आरोपी हीरासिंह ने नायक ढाबा के पास सड़क किनारे पड़े भारी पत्थर से उदय के सिर और सीने पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी मृतक की ही बाइक लेकर मौके से फरार हो गया था।
क्राइम सीन री-क्रिएट: पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (खून से सना पत्थर), बाइक और आरोपी के खून लगे कपड़े जब्त कर लिए हैं। पुलिस ने मौके पर ले जाकर ‘डेमो’ कराया और पूरी वीडियोग्राफी भी कराई। आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।


इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस सनसनीखेज अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में बोड़ला थाना प्रभारी निरीक्षक रूपक शर्मा, उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत शुक्ला, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक उमाशंकर नाग, मनोज महोबिया, नन्हे नेताम, आरक्षक सुरेश धुर्वे, पवन वर्मा, अमर पटेल तथा साइबर सेल के एएसआई चन्द्रकांत तिवारी, प्रधान आरक्षक वैभव कल्चुरी, आरक्षक अमित, गज्जू राजपूत, वारिस खान एवं जामुल पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

मुकेश अवस्थी

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

क्षमा करें ! कॉपी नहीं की जा सकी !