शिक्षक दिवस पर पंडरिया में भव्य शिक्षा अभिनंदन समारोह: 1600 से अधिक शिक्षक सम्मानित

विधायक भावना बोहरा ने की ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की शुरुआत; रोबोटिक्स, एआई और ड्रोन तकनीक से जुड़ेंगे विद्यार्थी
वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में शिक्षा की अलख जगाने वाले 67 उत्कृष्ट व 50 सेवानिवृत्त शिक्षक भी हुए सम्मानित
पंडरिया
शिक्षक दिवस के अवसर पर पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, उड़ियाकला में भव्य ‘विधानसभा स्तरीय शिक्षा अभिनंदन समारोह 2026’ का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक भावना बोहरा की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के 1600 से अधिक शिक्षकों का सम्मान किया गया। इस दौरान विधायक ने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से ‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ की पहली कार्यशाला का भी शुभारंभ किया।

हर साल 5000 विद्यार्थियों को मिलेगी हाई-टेक शिक्षा
समारोह के दौरान शिक्षकों ने ‘साइंस पाठशाला’ में उपलब्ध अत्याधुनिक ड्रोन, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और 3D आर्ट जैसी सुविधाओं का अवलोकन किया। विधायक भावना बोहरा ने बताया कि इस पहल के जरिए प्रतिवर्ष विधानसभा क्षेत्र के लगभग 5000 छात्र-छात्राओं को भविष्य की तकनीक और आधुनिक शिक्षा से जोड़ा जाएगा, जिससे ग्रामीण व वनांचल क्षेत्र के बच्चे भी वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों को मंच से सम्मानित किया गया:
उत्कृष्ट सेवा: वनांचल व दूरस्थ अंचलों में प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद समर्पित सेवा देने वाले 67 शिक्षकों का अभिनंदन।
सेवानिवृत्त शिक्षक: सितम्बर 2025 से अगस्त 2026 के बीच सेवानिवृत्त हुए 50 वरिष्ठ शिक्षकों का सम्मान।
राज्य स्तरीय पुरस्कार: ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2026’ के तहत 8 शिक्षा दूत और 1 ज्ञान दीप पुरस्कार प्राप्त शिक्षकों को विशेष सम्मान।
शत-प्रतिशत परिणाम: बोर्ड परीक्षा में 100% परिणाम देने वाले 8 शासकीय विद्यालयों के प्राचार्यों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
“शिक्षक राष्ट्र निर्माण के असली शिल्पकार”
शिक्षकों को संबोधित करते हुए विधायक भावना बोहरा ने कहा कि शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, अनुशासन और जीवन मूल्यों का निर्माण करते हैं। सीमित संसाधनों के बीच वनांचल क्षेत्रों में शिक्षा की ज्योत जलाए रखना राष्ट्रसेवा के समान है।
उन्होंने क्षेत्र में जारी अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि छात्राओं के लिए 10 नि:शुल्क बस सेवा का संचालन किया जा रहा है, जिससे 1500 से अधिक छात्राएं लाभान्वित हो रही हैं। वहीं ‘लक्ष्य नि:शुल्क कोचिंग’ के माध्यम से युवाओं को IIT-JEE, NEET और CGPSC की नि:शुल्क तैयारी कराई जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में विधायक ने उपस्थित शिक्षकों से संवाद कर वनांचल क्षेत्रों में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और नवाचारों को बढ़ावा देने पर चर्चा की। इस अवसर पर जिला शिक्षा विभाग के अधिकारी, जन प्रतिनिधि, शिक्षकगण व उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



