बोड़ला में हनुमान जन्मोत्सव की धूम: भव्य झांकी, शोभा यात्रा और भंडारे की भव्य तैयारी

बोड़ला। आगामी 2 अप्रैल, गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ हनुमान जन्मोत्सव मनाने की तैयारियां नगर में जोरों पर हैं। प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बोड़ला नगर में हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा भव्य और आकर्षक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

इस अवसर पर महामाया झांकी, नागपुर द्वारा विशाल और मनमोहक झांकियों का प्रदर्शन किया जाएगा, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा। झांकियों के माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

नगर के अति प्राचीन राम जानकी मंदिर में प्रातःकाल से ही धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत होगी। सुबह से मंदिर परिसर में सुन्दरकाण्ड पाठ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तगण बढ़-चढ़कर भाग लेंगे और भगवान हनुमान की भक्ति में लीन रहेंगे।
इसके पश्चात मंदिर से भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पूरे शहर का भ्रमण करेगी। शोभा यात्रा में सजी-धजी झांकियां, भजन-कीर्तन मंडलियां और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ शामिल रहेगी, जिससे पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में रंग जाएगा।
शोभा यात्रा के समापन पर पुनः राम जानकी मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण एवं भंडारा का आयोजन भी रखा गया है, जिसमें सभी भक्तों को आमंत्रित किया गया है।
हनुमान जन्मोत्सव समिति द्वारा नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने और धर्म लाभ लेने की अपील की गई है। पूरे आयोजन को लेकर समिति के सदस्य एवं कार्यकर्ता तैयारियों में जुटे हुए हैं, जिससे यह पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ भव्यता से मनाया जायेगा।



