पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल बोड़ला में वार्षिक खेल उत्सव का भव्य आयोजन

बोड़ला। पीएम श्री स्वामी आत्मानंद स्कूल बोड़ला में वार्षिक खेल उत्सव का आयोजन दिनांक 5 जनवरी 2026 से 7 जनवरी 2026 तक हर्षोल्लास के साथ किया गया। खेल उत्सव का शुभारंभ एवं समापन शाला समिति के सदस्यों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शाला समिति अध्यक्ष प्रेमकांत मिश्रा, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय पाटिल, अरविंद अवस्थी, सुखदास मानिकपुरी, मोहन कश्यप एवं गौतम गुप्ता उपस्थित रहे। सभी अतिथि बोड़ला नगर के प्रतिष्ठित नागरिक एवं शाला समिति सदस्य हैं। अतिथियों द्वारा खेल उत्सव का उद्घाटन एवं समापन किया गया।
विद्यालय के प्राचार्य विजय खरे के मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं को चार सदनों में विभाजित किया गया—
प्रथम सदन : शिवनाथ
द्वितीय सदन : अरपा
तृतीय सदन : महानदी
चतुर्थ सदन : इंद्रावती
खेल प्रतियोगिताओं में खो-खो, कबड्डी, रस्साकसी, 100 मीटर दौड़, रिले रेस एवं आर्म रेसलिंग जैसी विभिन्न विधाओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतियोगिताएं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं तथा अंक तालिका के आधार पर परिणाम घोषित किए गए।
प्रतियोगिता में शिवनाथ सदन ने प्रथम स्थान, महानदी सदन ने द्वितीय स्थान तथा इंद्रावती सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता एवं उपविजेता सदनों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसके अतिरिक्त कक्षा पहली से पाँचवीं तक के बच्चों के लिए चम्मच दौड़, बोरा दौड़, फ्रॉग रेस एवं सुरिली रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने पूरे हर्ष और उत्साह के साथ भाग लिया।
खेल उत्सव के सफल आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। विद्यालय के पी.टी.आई. जगतारण झरिया द्वारा बच्चों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताओं के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है। साथ ही बोर्ड परीक्षाओं में खेल उपलब्धियों के आधार पर बच्चों को बोनस अंक देकर सम्मानित किया जाता है, जिसके अंतर्गत विद्यालय से प्रतिवर्ष लगभग 4 से 5 विद्यार्थियों का चयन किया जाता है।
खेल उत्सव ने बच्चों में खेल भावना, अनुशासन एवं टीम भावना को सुदृढ़ करने का कार्य किया।



