ग्राम तितरी में जल अर्पण दिवस का भव्य आयोजन, जनभागीदारी से मजबूत हुई हर घर जल योजना

कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला अंतर्गत ग्राम तितरी में 07 फरवरी 2026 को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जल जीवन मिशन के तहत “जल अर्पण दिवस” का भव्य आयोजन किया गया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य जल जीवन मिशन के अंतर्गत पूर्ण एवं हस्तांतरित हो चुकी जल आपूर्ति प्रणाली को औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को सौंपना, नलजल योजना के संचालन एवं संधारण में ग्राम पंचायत तथा ग्रामीणों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करना, हर घर जल योजना की उपलब्धि का उत्सव मनाना तथा स्थानीय स्तर पर जन-नेतृत्व वाली जल प्रशासन व्यवस्था को प्रोत्साहित करना रहा।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, ग्रामवासी, स्कूली बच्चे तथा पी.एच.ई. विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम में जल जीवन मिशन के अंतर्गत निर्मित परिसंपत्तियों—पानी टंकी, बोर पंप एवं स्विच रूम की पूजा-अर्चना एवं जलबंधन (पवित्र धागा) के साथ हुई।

इसके पश्चात पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ जल संरक्षण एवं जल अर्पण दिवस के संदेशों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के दौरान ग्रामीणों द्वारा प्रत्येक घरेलू नल कनेक्शन से एक-एक बाल्टी पानी दान कर उसे पौधारोपण में उपयोग किया गया, जिससे जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत, लोकगीतों पर नृत्य तथा जल संरक्षण एवं जनभागीदारी पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। वहीं एफ.टी.के. किट के माध्यम से पेयजल स्रोतों की गुणवत्ता जांच का प्रदर्शन किया गया तथा ग्राम पंचायत को एफ.टी.के. किट वितरित की गई।

पी.एच.ई. विभाग के अधिकारियों द्वारा छत्तीसगढ़ ग्रामीण पेयजल संचालन एवं संधारण नियम 2024 की जानकारी दी गई तथा नलजल योजना के प्रभावी संचालन, निरंतर पेयजल उपलब्धता, गुणवत्ता एवं पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल सेवा आकलन की प्रक्रिया से ग्राम पंचायत एवं ग्रामीणों को अवगत कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत तितरी को नलजल योजना से संबंधित आधिकारिक हस्तांतरण दस्तावेज औपचारिक रूप से सौंपे गए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को योजना के स्वामित्व, जलशुल्क जमा करने तथा घरेलू नल कनेक्शन के आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
नलजल योजना के सफल संचालन में योगदान के लिए ग्राम पंचायत तितरी, ग्राम सचिव उपदेश मेरावी एवं पंप ऑपरेटर श्री धनसिंह मेरावी को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से राजकुमार मेरावी (जिला पंचायत सदस्य एवं सभापति), कपूरचंद ठाकरे, श्रीमती बिरोबाई मेरावी (सरपंच), श्रीमती पुष्पा बाई धुर्वे (उपसरपंच), गोपाल प्रसाद ठाकुर (एसडीओ, पी.एच.ई. बोड़ला), टोमन लाल कुंजाम (उप अभियंता), चतुर सिंह धुर्वे, सरपंच प्रतिनिधि अंतराम मेरावी, पंचायत सचिव उपदेश मेरावी सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।



