पंडरिया: मुनमुना संकुल के विद्यालयों में भावुकता के साथ मनाया गया मातृ-पितृ दिवस, बच्चों ने उतारी आरती, पखारे चरण

पंडरिया (कवर्धा), 14 फरवरी। पंडरिया ब्लॉक के मुनमुना संकुल अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक एवं प्राथमिक शाला माठपुर, बापा कामठी, आदिवासी कन्या आश्रम कामठी, प्राथमिक शाला कड़मा तथा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला सिंगपुर सहित विभिन्न विद्यालयों में आज मातृ-पितृ दिवस भावुकता और उत्साह के साथ मनाया गया। संकुल समन्वयक रघुनन्दन गुप्ता के आग्रह पर यह आयोजन पूरे संकुल में सम्पन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालयों में उत्सव जैसा वातावरण रहा। छात्र-छात्राओं ने अपने माता-पिता के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें तिलक लगाया, आरती उतारी तथा विधिवत पूजन किया। कई बच्चों ने प्रेमपूर्वक अपने माता-पिता के चरण पखारे और अपने हाथों से बनाई मालाएँ पहनाकर आशीर्वाद लिया। बच्चों के इस स्नेह और सम्मान से अभिभावक भावुक हो उठे और उनकी आँखों में खुशी के आँसू छलक आए।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और प्रार्थना से हुई। संकुल समन्वयक श्री गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी में माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सेवा-भाव जागृत करना तथा उनमें संस्कारों का बीजारोपण करना है।

विद्यालय के शिक्षकों ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली और पाश्चात्य प्रभाव के बीच बच्चों को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कारों से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों का नैतिक विकास होता है और परिवार तथा समाज में रिश्तों की मिठास बढ़ती है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों को बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी बच्चों और अभिभावकों को सामूहिक स्वल्पाहार कराया गया तथा एक-दूसरे के प्रति सम्मान बनाए रखने का संदेश दिया गया।




