बोड़ला के जंगलों पर फिर खतरा: कार्रवाई वाली जगह पर ही दोबारा कटाई, वन विभाग पर उठे सवाल

बोड़ला। क्षेत्र के चोरभट्टी और पालक बीट में वनों की अवैध कटाई थमने का नाम नहीं ले रही है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जहां वन विभाग द्वारा पहले कार्रवाई की गई थी, उसी स्थान पर दोबारा पेड़ों की कटाई शुरू हो गई है। इससे विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वन विभाग की कार्रवाई केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। न तो लगातार निगरानी हो रही है और न ही दोषियों पर स्थायी रोक लगाई जा रही है। इसी लापरवाही का फायदा उठाकर वन माफिया बेखौफ होकर दोबारा जंगलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, बिट गार्ड की अनुपस्थिति और नियमित निरीक्षण का अभाव इस समस्या की मुख्य वजह है। कार्रवाई के बाद भी यदि उसी स्थान पर फिर से कटाई हो रही है, तो यह स्पष्ट रूप से निगरानी तंत्र की विफलता को दर्शाता है।

नेशनल हाईवे 30 रायपुर – जबलपुर मार्ग पर हो रही कटाई जहाँ सात से आठ नये ईमारती वृक्षों की कटाई हुई है।
लगातार हो रही इस अवैध कटाई से क्षेत्र की हरियाली तेजी से समाप्त हो रही है और पर्यावरण संतुलन पर भी खतरा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि जिम्मेदार अधिकारियों पर भी जवाबदेही तय की जाए और स्थायी समाधान के लिए कड़ी कार्रवाई की जाए।
वनमंडल अधिकारी ने इस पर जाँच कराने की बात कही।




