सत्य, धर्म और मर्यादा की जीत का प्रतीक है विजयादशमी: भावना बोहरा

पंडरिया के दशहरा उत्सव में शामिल हुईं विधायक; सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रावण दहन बना आकर्षण का केंद्र
पंडरिया। विजयादशमी के पावन अवसर पर पीएमश्री स्वामी आत्मानंद स्कूल मैदान में माँ महामाया दुर्गा उत्सव समिति के तत्वावधान में भव्य दशहरा उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की सुप्रसिद्ध गायिका श्वेता महिमा दास और गायक नवीन साहू की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों पर हजारों की संख्या में उपस्थित जनसमूह झूम उठा।

विधायक भावना बोहरा ने क्षेत्रवासियों को विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि यह पर्व हमें स्मरण कराता है कि जीवन में वास्तविक जीत सत्य, सदाचार और धर्म के मार्ग पर चलने से ही प्राप्त होती है। भगवान श्रीराम का जीवन त्याग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की अनुपम मिसाल है। दशहरा केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वयं के आचरण का मूल्यांकन करने और समाज में प्रेम, सहयोग व भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश देता है।
क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प
विधायक ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। पंडरिया विधानसभा में सड़कों का जाल बिछाने, वनांचल क्षेत्रों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने और जनआकांक्षाओं को पूरा करने का काम तेजी से जारी है।

उन्होंने अपनी कल्याणकारी पहलों का उल्लेख करते हुए बताया कि:
बेटियों के लिए निःशुल्क बस सेवा और युवाओं के लिए ‘लक्ष्य’ निःशुल्क कोचिंग संचालित है।
‘भावना दीदी की साइंस पाठशाला’ के माध्यम से शासकीय स्कूलों के बच्चे ड्रोन उड़ाना, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीक सीख रहे हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में 8 निःशुल्क एम्बुलेंस सेवा और मोबाइल हेल्थ पैथ लैब के जरिए लोगों को आपातकालीन व स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिकों सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


