सुशासन तिहार में पटवारी एवं लाइनमैन का हुआ सार्वजनिक सम्मान

खैरबना कला। सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में जनहित में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों का सार्वजनिक सम्मान किया गया। शिविर में पटवारी एवं लाइनमैन को शाल-श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए इसे जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान बताया।
जिला भाजपा महामंत्री नितेश अग्रवाल ने कहा कि जनहित में कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से प्रदेश सरकार गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रही है। प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ जनता की शिकायतों का निराकरण कर रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन की झलक स्पष्ट दिखाई दे रही है।

उन्होंने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सार्वजनिक मंच से सम्मानित करना उनकी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण का सम्मान है तथा इससे अन्य कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में हल्का नंबर 36 की पटवारी श्रीमती मोनू वर्मा को सम्मानित किया गया। बताया गया कि वे अपने कार्यक्षेत्र के ग्राम चिमरा, सरेखा, मन्नाबेड़ी, बरभावर सहित अन्य गांवों में किसानों एवं आमजन की समस्याओं के निराकरण में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। राजस्व संबंधी कार्यों के प्रति उनकी तत्परता एवं जिम्मेदारी के कारण क्षेत्र के लोगों में संतोष का माहौल है।
इसी प्रकार लाइनमैन कमलेश धुर्वे को भी उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अपने प्रभार क्षेत्र के गांवों में विद्युत संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए उन्हें जनप्रतिनिधियों ने सराहा।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चन्द्रवंशी, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, मंडल अध्यक्ष मीलू साहू, जनपद सदस्य नरेश साहू, राजेश साहू, विमला गौरी साहू, छोटू चन्द्रवंशी, रमेश मेरावी, अजय कौशिक, क्षेत्र के सरपंच एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




