परीक्षा कार्य में लापरवाही पर प्रधान पाठक निलंबित, DEO का सख्त एक्शन

उत्तर पुस्तिकाएं समय पर जमा न करने से परीक्षा कार्य प्रभावित, तत्काल प्रभाव से कार्रवाई।
बोड़ला – जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय कवर्धा द्वारा परीक्षा कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में बोड़ला ब्लॉक के एक प्रधान पाठक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई विकासखंड शिक्षा अधिकारी बोड़ला से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय आदिवासी बालक आश्रम मिनिमिनिया जंगल, विकासखंड बोड़ला में पदस्थ प्रधान पाठक बनऊ राम मेरावी को सत्र 2025-26 की केंद्रीकृत परीक्षा के लिए प्राथमिक शाला बोदलपानी में केंद्राध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
दिनांक 16 मार्च 2026 को परीक्षा समाप्ति के बाद निर्धारित समयावधि तक उत्तर पुस्तिकाएं संकलन केंद्र में जमा नहीं की गईं, जिससे परीक्षा कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। विभाग ने इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए बनऊ राम मेरावी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, बोड़ला कार्यालय निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
यह आदेश तत्काल प्रभावशील माना गया है।



