राज्योत्सव के मंच पर चमका कबीरधाम का ‘लोक अनुहार’, शिल्प ग्राम मंच पर सफल प्रस्तुति, दर्शकों ने सराहा

बोड़ला क्षेत्र के संस्था के संचालक राकेश सेन टी टीम का शानदार प्रदर्शन
नवा रायपुर |
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अवसर पर 03 नवंबर को अटल परिसर स्थित शिल्प ग्राम मंच पर छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक संस्था “लोक अनुहार”, बोड़ला, जिला कबीरधाम द्वारा एक शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। संस्था के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से कार्यक्रम में उपस्थित दर्शकों का मन मोह लिया।
पारंपरिक वेशभूषा और लोक धुनों ने जीवंत की संस्कृति
कार्यक्रम के दौरान संस्था के कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और लोककला पर आधारित गीत-संगीत और नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं। कलाकारों ने अपनी प्रतिभा, पारंपरिक वेशभूषा और छत्तीसगढ़ी लोकधुनों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत कर दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।

“लोककला को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है उद्देश्य”
संस्था के संचालक एवं जाने-माने लोक गायक राकेश सेन ने इस सफल आयोजन के लिए सभी कलाकारों, संगीतकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि “लोक अनुहार का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की लोककला, लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक संस्कृति को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।”
राज्योत्सव के इस बड़े मंच पर कबीरधाम जिले के बोड़ला क्षेत्र की इस गौरवपूर्ण प्रस्तुति से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। अंत में, लोक अनुहार परिवार ने इस सफल आयोजन पर सभी कलाकारों एवं शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया।



