खेत में फांसी के फंदे पर लटका मिला वृद्ध का शव, क्षेत्र में सनसनी

बोड़ला -नेऊरगांव खुर्द। ग्राम पंचायत नेऊरगांव खुर्द के आश्रित ग्राम खन्तीपारा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रहने वाले 70 वर्षीय वृद्ध शेर सिंह धुर्वे का शव शनिवार सुबह उनके ही खेत में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
शुक्रवार शाम से थे लापता
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शेर सिंह धुर्वे शुक्रवार शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच अचानक घर से कहीं चले गए थे। जब वे देर रात तक घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में उनकी काफी खोजबीन की। लेकिन रातभर ढूंढने के बाद भी उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
सुबह खेत में मिला शव
शनिवार सुबह जब ग्रामीण और परिजन खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने शेर सिंह का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ देखा। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। वृद्ध ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी अज्ञात है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।



