छीरपानी जलाशय से 31 गांवों के खेतों तक पहुंचा पानी, किसानों के चेहरे खिले

कबीरधाम। जिले के बोड़ला ब्लॉक के छीरपानी जलाशय की नहरें इस वर्ष कम बारिश के बावजूद किसानों के लिए वरदान साबित हो रही हैं। जलाशय से जुड़े 31 गांवों के खेतों में हरियाली लहलहा रही है, जिससे क्षेत्र के कृषकों में भारी उत्साह है।

मौसम विभाग द्वारा इस वर्ष कम वर्षा का अनुमान जताया गया था, जिसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने समय रहते सतर्कता बरती। विभाग द्वारा नहरों पर कर्मचारियों की लगातार ड्यूटी लगाई गई, ताकि जल का अपव्यय न हो और वितरण सुचारू रूप से चलता रहे। इस मुस्तैद निगरानी का ही नतीजा है कि टेल-एंड (अंतिम छोर) पर स्थित खेतों तक भी पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच रहा है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि विभागीय कर्मचारियों की सजगता और ग्रामीणों के सहयोग से यह सफलता मिली है। जल संसाधन विभाग और आम जनता के मिले-जुले प्रयासों से कम बारिश की चुनौती के बाद भी बेहतर सिंचाई संभव हो सकी है। पानी की समय पर उपलब्धता से फसलें सुरक्षित हैं और किसान इस साझा प्रयास की सराहना कर रहे हैं।

