प्रतिभाशाली एथलीट अनुराधा मरकाम ने राज्य स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता में लहराया परचम, जीते 3 ब्रोंज मेडल

बोड़ला (कबीरधाम):
पीएम श्री सेजेस बोड़ला (PM SHRI SEGES Bodla) की कक्षा 12वीं की छात्रा अनुराधा मरकाम ने राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में अपनी शानदार खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर पूरे अंचल और जिले को गौरवान्वित किया है।
जगदलपुर में 17 से 20 सितंबर तक आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता (एथलेटिक्स) में अनुराधा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन कांस्य पदक (Bronze Medals) अपने नाम किए। उन्होंने 100 मीटर दौड़, लंबी कूद (Long Jump) और रिले रेस—तीनों स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर अपनी खेल क्षमता की मजबूत छाप छोड़ी है।

वनांचल क्षेत्र के ग्राम तीतरी की निवासी अनुराधा वर्तमान में कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय (हॉस्टल) बोड़ला में रहकर पढ़ाई और खेल का अभ्यास कर रही हैं। विद्यालय के पीटीआई जगतारण झारिया ने बताया कि अनुराधा बहुमुखी प्रतिभा की धनी और बेहद होनहार खिलाड़ी हैं। एथलेटिक्स से पहले वे खो-खो में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं। दुर्ग (पुराई) में आयोजित प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के अलावा वे 4 बार ओपन नेशनल खो-खो प्रतियोगिता में भी प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
अनुराधा की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र में हर्ष की लहर है। पीएम श्री सेजेस बोड़ला के प्राचार्य विजय कुमार खरे, कस्तूरबा हॉस्टल की अधीक्षिका ललिता अनंत, खो-खो कोच मोहन धुर्वे एवं स्कूल के समस्त शिक्षकों व स्टाफ ने उन्हें बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इसी तरह निरंतर कड़ा परिश्रम कर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने और सफलता हासिल करने का आशीर्वाद दिया।




