राजनीति सत्ता का नहीं, साधना का मार्ग है – भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत : भावना बोहरा

स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का व्यक्तित्व, कृतित्व और नेतृत्व भारत के चहुंमुखी विकास का शाश्वत पथ-प्रदर्शक है : भावना बोहरा

भारतीय जनता पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व के आह्वान पर भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी की जन्म-जयंती के अवसर पर देशभर में अटल स्मृति सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पंडरिया विधानसभा अंतर्गत यज्ञ स्थल, कुंडा में विधानसभा स्तरीय अटल समिति सम्मेलन का भव्य आयोजन संपन्न हुआ।
सम्मेलन का शुभारंभ राजनांदगांव लोकसभा सांसद संतोष पाण्डेय जी, पंडरिया विधायक भावना बोहरा, कबीरधाम जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी जी एवं जिला संगठन प्रभारी महेश वर्मा जी द्वारा भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
इस अवसर पर सांसद संतोष पाण्डेय जी ने अपने संबोधन में कहा कि स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी केवल प्रधानमंत्री ही नहीं थे, बल्कि वे भारतीय राजनीति के नैतिक स्तंभ थे। उन्होंने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के गठन और विस्तार में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। विदेश मंत्री, प्रधानमंत्री और संसद की महत्वपूर्ण समितियों के अध्यक्ष के रूप में उनका योगदान अविस्मरणीय है। छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर उन्होंने यहां के जन-आकांक्षाओं को सम्मान दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज छत्तीसगढ़ निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

विधायक भावना बोहरा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में कहा कि भारत के राजनीतिक इतिहास में अटल बिहारी वाजपेयी जी का नाम स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। वे एक कुशल राजनेता के साथ-साथ संवेदनशील कवि, प्रखर वक्ता, दूरदर्शी चिंतक और लोकतांत्रिक मूल्यों के सशक्त प्रहरी थे। उनका संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, संवाद, सहमति और समन्वय का आदर्श उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि अटल जी का नेतृत्व संयम और साहस का अद्भुत समन्वय था। चाहे 1998 का पोखरण परमाणु परीक्षण हो या लाहौर बस यात्रा के माध्यम से शांति का संदेश, हर निर्णय में भारत की अस्मिता और आत्मसम्मान सर्वोपरि रहा। उनके कार्यकाल में स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी ऐतिहासिक योजनाओं ने देश के आधारभूत ढांचे को नई दिशा दी।

विधायक बोहरा ने कहा कि अटल जी की जन्म-जयंती हम सभी के लिए आत्ममंथन और प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने अपने जीवन से यह सिद्ध किया कि श्रेष्ठता पद से नहीं, बल्कि आचरण से स्थापित होती है। आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश अटल जी के संकल्पों को साकार करते हुए आगे बढ़ रहा है। कश्मीर में तिरंगे की शान, श्रीराम जन्मभूमि में भव्य मंदिर का निर्माण और वैश्विक मंच पर भारत की सशक्त उपस्थिति अटल जी की दूरदर्शिता का ही परिणाम है।
उन्होंने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का निर्माण केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि अस्मिता, अधिकार और आत्मसम्मान की स्थापना थी। अटल जी ने इस भूमि की भावनाओं को समझा। “हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे” केवल नारा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ को समृद्ध बनाने का संकल्प है। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह जी के नेतृत्व में राज्य ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए और आज मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उम्मीदों के साथ विकास की राह पर तेजी से अग्रसर है। महिला, किसान, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल रहे हैं।
कार्यक्रम को जिला भाजपा अध्यक्ष राजेन्द्र चंद्रवंशी जी, जिला संगठन प्रभारी महेश वर्मा जी एवं मुंगेली के पूर्व जिला अध्यक्ष शैलेश पाठक जी ने भी संबोधित करते हुए स्व. अटल बिहारी वाजपेयी जी के सुशासन, राष्ट्रनिष्ठा और लोकतांत्रिक मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर पंडरिया विधानसभा के समस्त भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।




