2.64 करोड़ के छात्रावास निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल; बजरीयुक्त रेत और डस्टयुक्त गिट्टी का हो रहा उपयोग

कोदवागोडान में 100 सीटर बालक छात्रावास निर्माण में मानकों की अनदेखी का आरोप
उत्कृष्ट विधायक के क्षेत्र में कार्य एजेंसी और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल; मानो खुली छूट या संरक्षण मिला हो
कवर्धा। पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के कोदवागोडान में 2 करोड़ 64 लाख 29 हजार रुपए की लागत से बन रहे 100 सीटर बालक छात्रावास भवन की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। निर्माण स्थल पर स्थानीय नदी की बजरीयुक्त रेत और डस्टयुक्त गिट्टी के उपयोग किए जाने से भवन की मजबूती और विभागीय निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

क्षेत्र में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए पंडरिया की उत्कृष्ट विधायक भावना बोहरा द्वारा लगातार विकास कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं, इसी कड़ी में इस 100 सीटर छात्रावास की प्रशासकीय स्वीकृति भी मिली थी। निर्माण का जिम्मा पार्श्वनाथ कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है। एक ओर जहां क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने और जनहित की योजनाओं को धरातल पर लाने के प्रयास किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर यह मामला और भी गंभीर हो जाता है जब धरातल पर ठेकेदार और विभाग के अधिकारी मानकों व नियमों को अनदेखा कर काम करते दिख रहे हैं, मानो उन्हें खुली छूट दी गई हो या कोई संरक्षण प्राप्त हो।
विधायक जी! सिर्फ स्वीकृति दिलाना ही काफी नहीं, गुणवत्ता की जवाबदेही भी जरूरी
खुली छूट या संरक्षण के बीच निगरानी पर सवाल
नियमानुसार लोक निर्माण विभाग (PWD) के इंजीनियरों की जिम्मेदारी है कि वे निर्माण के प्रत्येक महत्वपूर्ण चरण का निरीक्षण करें और सामग्री की गुणवत्ता सुनिश्चित करें। ऐसे में स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि क्या निर्माण सामग्री के नमूनों की प्रयोगशाला (लैब) में जांच कराई गई है और क्या विभागीय अधिकारी नियमित रूप से स्थल का निरीक्षण कर रहे हैं? मानकों के विपरीत सामग्री के इस्तेमाल और कार्य एजेंसी की मनमानी के बावजूद विभाग की अनदेखी व काम पर रोक न लगना इस धारणा को बल देता है कि जमीन पर निगरानी तंत्र निष्क्रिय है।
एसडीओ का तर्क, गुणवत्ता पर नए सवाल
इस मामले में विभाग के एसडीओ (SDO) का कहना है कि अलग-अलग कार्य के लिए अलग-अलग मटेरियल का प्रावधान होता है। लेकिन सवाल यह है कि शासकीय निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने के नाम पर कथित रूप से घटिया किस्म की सामग्री के उपयोग को लेकर अधिकारी की जानकारी के बावजूद ठेकेदार के पक्ष में तर्क दिए जा रहे हैं और उस सामग्री को सही ठहराने की कोशिश की जा रही है। इससे निर्माण की वास्तविक गुणवत्ता, विभागीय निष्पक्षता और संभावित संरक्षण को लेकर संशय और गहरा गया है।
निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग
छात्रावास जैसे संवेदनशील भवन में भविष्य में विद्यार्थी निवास करेंगे, इसलिए निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है। मामले को लेकर अब निर्माण में प्रयुक्त रेत, गिट्टी और कंक्रीट के नमूनों का मान्यता प्राप्त प्रयोगशाला से परीक्षण कराने तथा अब तक हुए कार्यों की निरीक्षण रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठ रही है। साथ ही, जनप्रतिनिधियों और विभाग से इस मामले में संज्ञान लेकर जवाबदेही तय करने की अपेक्षा की जा रही है, ताकि विकास के लिए स्वीकृत करोड़ों की यह सौगात कार्य एजेंसी और विभाग की अनदेखी व खुली छूट की भेंट न चढ़े।



