बोडला अस्पताल में नशेड़ी का हंगामा: डॉक्टर-नर्स से अभद्रता, धक्का-मुक्की और जान से मारने की धमकी — थाने में शिकायत

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोडला, जिला कबीरधाम (छत्तीसगढ़) में दिनांक 19.02.2026 को शाम लगभग 05:30 बजे प्रसव हेतु लाई गई एक गर्भवती महिला के पति सुदर्शन यादव, निवासी ग्राम मुछेल (खाम्ही), जिला मुंगेली, द्वारा शराब के नशे में ड्यूटीरत डॉक्टर एवं महिला स्टाफ नर्स के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।

समझाने पर वह और उत्तेजित हो गया तथा गाली-गलौच करते हुए मारपीट की धमकी देने लगा। आरोपी ने चिकित्सीय कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए ड्यूटीरत स्टाफ के साथ धक्का-मुक्की एवं मारपीट का प्रयास किया और जान से मारने तक की धमकी दी। इस घटना से अस्पताल की चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुईं तथा उपस्थित मरीजों, परिजनों और स्टाफ में भय का वातावरण निर्मित हो गया।

घटना की सूचना तत्काल बोडला थाना को दी गई तथा विधिसम्मत कार्रवाई हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बोडला प्रशासन स्पष्ट करता है कि अस्पताल परिसर में किसी भी प्रकार की हिंसा, अभद्रता या दुर्व्यवहार कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी 24 घंटे जनसेवा में तत्पर रहते हैं, अतः उनकी सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है।
अस्पताल प्रशासन समस्त नागरिकों से अपील करता है कि अस्पताल परिसर में शांति एवं अनुशासन बनाए रखें तथा स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग प्रदान करें।




