
कबीरधाम जिले के विकासखंड पंडरिया अंतर्गत ग्राम देवसरा की पावन धरा में 14 एवं 15 मार्च 2026 को राजगोंड समाज की 15वीं राजगोंड महासभा का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन श्री बुढ़ादेव राजगोंड समाज सेवा समिति, प्रधान कार्यालय भोरमदेव (छत्तीसगढ़) पंजीयन क्रमांक-22571 के तत्वावधान में संपन्न होगा।
महासभा में चार राज — कवर्धा, पंडरिया, लोरमी एवं केंदा राज के अंतर्गत आने वाले 14 विभिन्न सामाजिक केंद्रों के पदाधिकारी एवं समाजजन बड़ी संख्या में शामिल होंगे। कार्यक्रम में राजगोंड समाज के सामाजिक संविधान और नियमावली की 17 अनुसूचियों की सभी धाराओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही नवीन प्रस्ताव, सामाजिक गोत्रावली, समाज का इतिहास, पदाधिकारियों के कार्यकाल, धर्मांतरण के मुद्दे सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

महासभा में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और समाज के संवैधानिक अधिकारों पर भी विशेष व्याख्यान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस में अखिल राजगोंड महासभा भारतवर्ष के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नीलकरण राज ठाकुर मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। वहीं द्वितीय दिवस में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा तथा पंडरिया विधायक श्रीमती भावना बोहरा के भी शामिल होने की संभावना है।
महासभा की तैयारियां आयोजन स्थल और सभी सामाजिक केंद्रों में जोर-शोर से चल रही हैं। इस आयोजन में राजगोंड समाज के 10 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।



