स्कूलों में सुरक्षा एवं अनुशासन को लेकर पुलिस-प्राचार्यों की संयुक्त बैठक आयोजित

बलौदाबाजार में आज दिनांक 17 मार्च 2026 को दोपहर 03:00 बजे पुलिस कम्युनिटी हॉल में पुलिस एवं स्कूल प्राचार्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यालयों में छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने प्राचार्यों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र ही नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण का प्रमुख स्थान है। उन्होंने शिक्षकों से छात्रों के व्यवहार, गतिविधियों एवं आदतों पर सतत निगरानी रखने, उनसे नियमित संवाद करने तथा उन्हें सही-गलत की समझ देने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने पूर्व में शाला प्रवेश एवं विदाई कार्यक्रमों के दौरान छात्रों द्वारा किए गए खतरनाक स्टंट का उल्लेख करते हुए निर्देशित किया कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। साथ ही नाबालिग छात्रों द्वारा वाहन चलाने पर पूर्णतः प्रतिबंध लगाने एवं उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की बात कही।

बैठक में किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य श्रीमती अपर्णा सर्राफ एवं परिवीक्षा अधिकारी श्रीमती नेहा शर्मा ने भी छात्रों के व्यवहार को समझने, उनकी प्रतिभा के अनुरूप मार्गदर्शन देने तथा काउंसलिंग के महत्व पर प्रकाश डाला।

स्कूलों में चिन्हित प्रमुख समस्याएं
छात्रों द्वारा धारदार हथियार लाना
नशा एवं नशीली सामग्री का उपयोग
नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना
वाहनों से खतरनाक स्टंट
मोबाइल का दुरुपयोग
आपसी विवाद एवं झगड़े
सोशल मीडिया से प्रेरित नकारात्मक गतिविधियां
सुरक्षा एवं अनुशासन हेतु लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
स्कूलों में कार्यक्रमों के दौरान सतत निगरानी एवं विवाद होने पर तत्काल काउंसलिंग
छात्रों के बैग की आकस्मिक जांच
असामान्य व्यवहार वाले छात्रों की नियमित काउंसलिंग
अभिभावक-शिक्षक-प्राचार्य के बीच निरंतर संवाद
स्कूल परिसर में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना
नाबालिग छात्रों के वाहन चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध
जोखिम वाले छात्रों की पहचान कर विशेष काउंसलिंग
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भाटापारा हेमसागर सिदार, एसडीओपी बलौदाबाजार अपूर्वा क्षत्रिय, एसडीओपी भाटापारा तारेश साहू, उप पुलिस अधीक्षक कौशल किशोर वासनिक, निरीक्षक उषा ठाकुर सहित जिले भर के लगभग 130 प्राचार्य एवं प्रभारी प्राचार्य उपस्थित रहे।




