15वें वित्त की राशि में गड़बड़ी का आरोप,मण्डलाटोला सरपंच के खिलाफ उपसरपंच और पंचों ने खोला मोर्चा

बोड़ला। जनपद पंचायत बोड़ला अंतर्गत ग्राम पंचायत मण्डलाटोला में 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्राम पंचायत के उपसरपंच और पंचों ने सरपंच पर वित्तीय अनियमितता, बिना सहमति राशि खर्च करने और नियमों की अनदेखी करने का गंभीर आरोप लगाया है।

मामले को लेकर उपसरपंच एवं पंचों ने जनपद पंचायत सीईओ को लिखित शिकायत सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में पंचायत को प्राप्त 15वें वित्त की राशि का उपयोग नियमों के विपरीत किया गया। आरोप है कि जिन कार्यों में खर्च दिखाया गया, उनमें कई कार्य अधूरे हैं, जबकि कुछ कार्यों की जानकारी तक पंचों को नहीं दी गई।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर राशि खर्च कर दी गई, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों को विश्वास में नहीं लिया गया। पंचायत के प्रस्तावों और पारदर्शिता को नजरअंदाज कर मनमाने तरीके से भुगतान किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
इस पूरे मामले की जांच के लिए जनपद पंचायत सीईओ को आवेदन सौंपा गया है।
मामले पर जनपद पंचायत सीईओ आकाश सिंह ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच टीम गठित कर जांच कराई जाएगी। यदि जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधितों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत सामने आने के बाद पंचायत क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। अब सभी की नजर प्रशासनिक जांच और आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है।




