राजगोंड समाज भोरमदेव के नवनियुक्त पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह संपन्न

सेमरहा। राजगोंड समाज प्रधान कार्यालय भोरमदेव के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं विभिन्न सामाजिक केंद्रों के पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह 5 जून को ग्राम सेमरहा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पंडरिया विधायक भावना बोहरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह की अध्यक्षता विदेशी राम धुर्वे ने की, जबकि उत्तम सिंह मस्कोले, फगनू राम धुर्वे एवं झगर सिंह मरकाम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत बुढ़ादेव एवं महापुरुषों की पूजा-अर्चना से हुई। इसके बाद समाज के सामान्य, युवा, कर्मचारी एवं महिला प्रभाग सहित विभिन्न सामाजिक केंद्रों के नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई तथा नियुक्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं समाज सेवा एवं उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठजनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को भी स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक भावना बोहरा ने समाज में शिक्षा, संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर जोर देते हुए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राजगोंड समाज के मंगल भवन निर्माण के लिए 20 लाख रुपये की घोषणा भी की।
अध्यक्षीय उद्बोधन में विदेशी राम धुर्वे ने संगठन की मजबूती, सामाजिक नियमावली के पालन और समाजहित में सामूहिक कार्य करने का आह्वान किया। वहीं लगातार तीसरी बार अध्यक्ष बने फगनू राम धुर्वे ने समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण और पूर्वजों द्वारा स्थापित सामाजिक व्यवस्था को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने समाज के विकास, शिक्षा, युवा उत्थान, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक एकता के लिए पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। नई कार्यकारिणी के गठन से समाज में उत्साह का माहौल है और लोगों ने सामाजिक, शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई है।



