कवर्धामध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

15 सूत्रीय मांगों को लेकर ड्राइवरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, बसों के पहिए थमे; यात्रियों की बढ़ी परेशानी

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन एवं ऑल इंडिया ड्राइवर जॉइंट कमेटी के आह्वान पर 15 सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार से प्रदेशभर में ड्राइवरों का अनिश्चितकालीन ‘स्टीयरिंग छोड़ो’ आंदोलन शुरू हो गया है। हड़ताल के चलते जिले में यात्री बसों सहित ट्रक और ऑटो का परिचालन प्रभावित हुआ है। दीपावली की छुट्टियों के बाद काम पर लौट रहे नौकरीपेशा लोगों और अपने घरों से पढ़ाई के लिए वापस जाने वाले विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है।

सुरक्षा, बीमा और पेंशन सहित 15 मांगों पर अड़े चालक

ड्राइवरों की प्रमुख मांगों में राष्ट्रीय ड्राइवर सुरक्षा कानून लागू करना, राष्ट्रीय एवं राज्य ड्राइवर आयोग तथा वेलफेयर बोर्ड का गठन, सभी चालकों का पंजीयन और डिजिटल पहचान पत्र जारी करना शामिल है। इसके अलावा नौकरी पर रखने के समय ज्वाइनिंग लेटर अनिवार्य करने, पीएफ, ईएसआईसी, उचित वेतन, निर्धारित कार्य अवधि और ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

चालकों ने अनिवार्य दुर्घटना एवं जीवन बीमा, हेल्थ कार्ड के माध्यम से कैशलेस उपचार, 50 वर्ष की आयु के बाद पेंशन तथा दुर्घटना में मृत्यु या दिव्यांगता की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग भी उठाई है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुविधायुक्त विश्रामगृह, पुलिस एवं परिवहन विभाग की कथित प्रताड़ना और अवैध वसूली पर रोक, दुर्घटनाओं में निष्पक्ष जांच तथा ड्राइवरों के बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए विशेष योजनाएं भी मांगपत्र में शामिल हैं।

चक्काजाम कर जताया विरोध

संघ के रविदास माण्डले ने बताया कि ड्राइवरों की मांगों को लेकर पिछले एक वर्ष से प्रचार-प्रसार किया जा रहा था। एक माह पहले से भी आंदोलन की सूचना सार्वजनिक की गई थी। उन्होंने बताया कि सकरी चौराहे पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

वहीं बस चालक संघ के अध्यक्ष शिव भारती ने कहा कि 15 सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल की जा रही है। इसके चलते ट्रकों के साथ बसों और ऑटो का परिचालन भी बंद है। मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है। फिलहाल हड़ताल के कारण जनजीवन और परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से वैकल्पिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जरूरत महसूस की जा रही है।

मुकेश अवस्थी

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

क्षमा करें ! कॉपी नहीं की जा सकी !