ट्रिपल इंजन की सरकार में ‘डीजल’ को तरसे नगर पंचायत बोड़ला के वाहन! पार्षद ने अपनी जेब से तेल डलवाकर पहुंचाया पानी और मृत गौ माता का कराया अंतिम संस्कार

बोड़ला। देश और प्रदेश में भले ही ‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हों, लेकिन नगर पंचायत बोड़ला में वाहनों के इंजन चालू करने के लिए डीजल तक उपलब्ध नहीं है। नगर पंचायत की इस बदहाली के बीच गौरी माता वार्ड क्रमांक 01 के पार्षद ओमप्रकाश शर्मा खुद अपनी जेब से ईंधन का खर्च उठाकर जनता की बुनियादी सुविधाओं को बहाल रख रहे हैं।

ताजा मामला वार्ड क्रमांक 01 का है, जहां पेयजल संकट को देखते हुए पार्षद ओमप्रकाश शर्मा ने नगर पंचायत से पानी का टैंकर मंगाया। लेकिन ट्रैक्टर चालक ने वाहन में डीजल न होने की बात कहकर टैंकर लाने में असमर्थता जता दी। स्थिति को भांपते हुए पार्षद ने तत्काल अपनी जेब से 300 रुपये का डीजल डलवाया, जिसके बाद वार्ड में पानी का टैंकर पहुंचाया जा सका।

मृत गौ माता को मुक्तिधाम ‘दतिलहा’ तक पहुंचाने के लिए भी खुद भरवाया डीजल
नगर पंचायत में ईंधन के संकट का यह पहला मामला नहीं है। इससे कुछ दिन पूर्व भी नगर में एक मृत गौ माता को उठाने के लिए नगर पंचायत के वाहन को फोन किया गया था, तब भी पेट्रोल-डीजल नहीं होने की बात कही गई थी। उस समय भी पार्षद ओमप्रकाश शर्मा ने अपनी मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए अपने निजी खर्च से ट्रैक्टर में डीजल भरवाया और मृत गौ माता को पूरे सम्मान के साथ मुक्तिधाम ‘दतिलहा’ तक पहुंचाया।

पार्षद का जनता को आश्वासन- ‘कचरा गाड़ी के लिए भी डलवाना पड़ा तो डलवाऊंगा डीजल’
नगर पंचायत की इस लचर व्यवस्था के बीच पार्षद ओमप्रकाश शर्मा ने वार्डवासियों को आश्वस्त किया है कि डीजल की कमी के कारण वार्ड का कोई भी कार्य रुकने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पानी और सफाई के बाद यदि आगे कचरा उठाने वाली गाड़ी के लिए भी उन्हें अपनी जेब से डीजल डलवाना पड़ा, तो वे पीछे नहीं हटेंगे और हर हाल में वार्ड के कार्यों के लिए वाहन भिजवाएंगे।
सीएमओ बोले- प्रयागराज में हूं, बाद में बात करता हूं
एक तरफ जहां पार्षद खुद के खर्च से नगर पंचायत की व्यवस्था संभाल रहे हैं, वहीं इस गंभीर विषय पर जब नगर पंचायत के सीएमओ से फोन पर बात की गई, तो उन्होंने स्वयं के प्रयागराज में होने की बात कही और “बाद में कॉल करता हूं” कहकर पल्ला झाड़ लिया। स्थानीय नागरिकों में चर्चा है कि जब ट्रिपल इंजन की सरकार में एक नगर पंचायत के पास 300 रुपये के डीजल का बजट नहीं है, तो विकास कार्यों की क्या उम्मीद की जाए।




