एफसीआई अधिकारी बनकर पिस्टल की नोक पर वसूली, शातिर आरोपी गिरफ्तार

किराना दुकानदार से 50 हजार ऐंठे, पुलिस ने कार, पिस्टल व जिंदा कारतूस किए जब्त
कबीरधाम। जिले में खुद को एफसीआई का बड़ा अधिकारी बताकर पिस्टल की नोक पर वसूली करने वाले शातिर आरोपी को कबीरधाम पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने किराना दुकानदार को चोरी के चावल खरीदने का झूठा आरोप लगाकर डराया और 60 हजार रुपये की मांग की, जिसमें से 50 हजार रुपये वसूल भी लिए

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी पिताम्बर गुप्ता, निवासी ग्राम धिरहा ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 02 अप्रैल की रात करीब 10:30 बजे आरोपी उसकी दुकान पर पहुंचा और खुद को एफसीआई अधिकारी बताते हुए दबाव बनाने लगा। आरोपी ने लाइसेंसी पिस्टल दिखाकर जेल भेजने की धमकी दी, जिससे भयभीत होकर दुकानदार ने उसे 50 हजार रुपये दे दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 140/2026 धारा 308(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी सचिन चड्डा (47 वर्ष), निवासी जबलपुर एवं वर्तमान रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ग्रैंड विटारा कार (MP-20-ZK-8201), 0.32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल, 2 मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस एवं पिस्टल पाउच जब्त किया है।
आरोपी को 09 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।




