
बलौदाबाजार, 18 अप्रैल 2026। जिले में पुलिस अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए आज बलौदाबाजार में पुलिस ड्राई कैंटीन के नवीन भवन का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में रिबन काटकर एवं पूजा-अर्चना कर भवन का विधिवत शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा, पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि पुलिस ड्राई कैंटीन की स्थापना वर्ष 2018 में की गई थी, जो अब तक पुलिस लाइन स्थित पुराने भवन में संचालित हो रही थी। स्थान की कमी को देखते हुए नए भवन का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया, जिसे मात्र तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिया गया।

नवीन भवन के प्रारंभ होने से पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों को भी उचित एवं सस्ते दरों पर आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध हो सकेंगी। साथ ही कैंटीन से प्राप्त लाभांश राशि का उपयोग पुलिस कल्याणकारी गतिविधियों में किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता ने स्वयं कैंटीन से सामान खरीदकर दरों एवं गुणवत्ता का अवलोकन किया।
जिले में इस प्रकार के नवाचारों से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में सकारात्मक पहल मानी जा रही है।

