बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस की अपील: आपकी जल्दबाजी आपके परिवार को रुला सकती है!

बलौदाबाजार। जिले में पिछले कुछ दिनों से हो रही भारी बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे कई छोटे पुल, पुलिया और रपटा आदि पूरी तरह डूब चुके हैं। इसके बावजूद कुछ लोग अपनी जान जोखिम में डालकर इन्हें पार करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसा करना बेहद खतरनाक और जानलेवा हो सकता है! बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने आम जनता से सतर्क रहने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की भावुक अपील की है।
⚠️ इन बातों का रखें विशेष ध्यान:
जानलेवा जोखिम न लें: उफनते हुए पुल-पुलिया या रपटे को पार करने की कोशिश बिल्कुल न करें। पानी के तेज बहाव में गाड़ी सहित बहने या डूबने का गंभीर खतरा रहता है।
लापरवाही पड़ेगी भारी: आपकी एक छोटी सी लापरवाही आपके परिवार को कभी न भूलने वाला दुख और पीड़ा दे सकती है। अपनी कीमती जान और संपत्ति दोनों की रक्षा करें।
पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें: सुरक्षा के लिए लगाए गए चेतावनी बोर्ड और निर्देशों का कड़ाई से पालन करें। जहाँ ‘आगे जाना सख्त मना है’ का बोर्ड लगा हो, कृपया वहाँ से वापस लौट जाएं।
“सावधानी ही सुरक्षा है, लापरवाही जानलेवा है!”
कृपया सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और अपने परिजनों की खुशियों का ख्याल रखें।

