कुकदूर पुलिस को बड़ी सफलता: बैगा आदिवासियों के सूने घरों में चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, 2.50 लाख का सामान बरामद

कबीरधाम। थाना कुकदूर पुलिस ने वनांचल क्षेत्रों में सक्रिय एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर चोरी के दो अलग-अलग मामलों का सफल खुलासा किया है। आरोपी के कब्जे से शत-प्रतिशत चोरी गए चांदी के जेवरात और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल सहित कुल 2.50 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
हाल ही में ग्राम ढपरापानी की समियाबाई बैगा और ग्राम छींदीडीह की फूलेश्वरी बाई बैगा के सूने मकानों से चांदी के जेवरात चोरी होने की शिकायत पर धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।

रेकी कर सूने घरों को बनाता था निशाना
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम नेऊर निवासी देवेन्द्र उर्फ द्वारिका कृषे (24 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने दोनों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी ने बताया कि वह अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल (CG-09-JT-9476) से वनांचल क्षेत्रों की रेकी करता था। जब ग्रामीण खेती-किसानी के लिए बाहर चले जाते थे, तब वह सूने घरों के ताले तोड़कर चांदी के जेवरात पार कर देता था।
शत-प्रतिशत बरामदगी, आरोपी भेजा गया जेल
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गए चांदी के जेवरात (लच्छा, सुतिया, ढार, चंद्रबली, चांदी के सिक्के आदि) तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक गोविंद चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक मनोज तिवारी, आरक्षक कृष्णकुमार धुर्वे, संदीप पाण्डेय, दूजराम सिन्द्राम, राजू निषाद, रम्हौ धुर्वे एवं सीएसएफ आरक्षक शिवचरण यादव का विशेष योगदान रहा।
पुलिस की अपील: कबीरधाम पुलिस ने वनांचल वासियों से अपील की है कि वे घर से बाहर जाते समय मुख्य द्वार पर मजबूत ताला लगाएं और कीमती सामानों को सुरक्षित स्थान पर रखें।



