माँ नर्मदा श्रद्धालुओं की सेवा में समर्पित देवर्षि श्री नारद सेवा समिति: भोरमदेव पदयात्रा मार्ग पर लगा विशाल सेवा स्टॉल, भंडारे में शामिल होकर गृह मंत्री विजय शर्मा, कलेक्टर व एसपी ने लिया प्रसाद

कवर्धा। सावन माह में भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए ऐतिहासिक भोरमदेव धाम की ओर निकलने वाले हज़ारों श्रद्धालुओं की आस्था इन दिनों चरम पर है। इसी पावन अवसर पर कवर्धा जिले के भोरमदेव पैदल यात्रा मार्ग स्थित ग्राम अमलीडीह में देवर्षि श्री नारद सेवा समिति, कवर्धा द्वारा विशाल सेवा स्टॉल एवं भंडारे (प्रसादी वितरण) का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था, सामाजिक सहयोग और मानव सेवा का यह अनूठा संगम पूरे यात्रा मार्ग में श्रद्धा व प्रेरणा का केंद्र बना रहा।

18 किमी कठिन पदयात्रा में श्रद्धालुओं को मिली बड़ी राहत
बूढ़ा महादेव से भोरमदेव धाम तक लगभग 18 किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए सावन की उमस और थकान के बीच अमलीडीह का यह सेवा स्टॉल राहत का केंद्र बना। समिति द्वारा प्रातः 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक निरंतर प्रसादी का वितरण किया गया। इसके साथ ही चाय, ठंडा पेयजल, नाश्ता और श्रद्धालुओं के विश्राम की विशेष व्यवस्था की गई। बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों के लिए पृथक व्यवस्था कर अनुशासित ढंग से सेवा कार्य संचालित किया गया भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

गृह मंत्री, प्रशासनिक अधिकारियों व कवर्धा राजपरिवार ने लिया प्रसाद
इस पावन सेवा कार्य में प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा, कवर्धा कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक (SP), उप पुलिस अधीक्षक, जिला पंचायत CEO तथा एसडीएम विशेष रूप से पहुँचे। गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्टॉल में बैठकर भंडारे में हिस्सा लिया और प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से आत्मीय बातचीत कर उनका हालचाल जाना और समिति के कार्यकर्ताओं की सराहना करते हुए कहा कि “समाज की वास्तविक शक्ति सेवा और सहयोग में निहित है।”
आयोजन में कवर्धा राजपरिवार के मैंकलेश्वर सिंह जी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उन्होंने श्रद्धालुओं का स्वागत कर उनकी सुखद यात्रा की कामना की।

स्वच्छता और व्यवस्था का रखा गया विशेष ध्यान
समिति के कार्यकर्ताओं ने प्रसादी वितरण के साथ-साथ स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया। परिसर की लगातार सफाई, शुद्ध पेयजल और उपयोग किए गए बर्तनों का उचित प्रबंधन युवाओं की टीम द्वारा किया गया, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर स्वच्छ और अनुशासित वातावरण बना रहा।
स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं का रहा सराहनीय योगदान
देवर्षि श्री नारद सेवा समिति के सक्रिय सदस्य सूरज मानिकपुरी, ऋषिकांत कुंभकार, नीरज शर्मा, रोशन बघेल, विकाश सोनी एवं मुकेश अवस्थी सहित अन्य कार्यकर्ताओं और ग्राम अमलीडीह के निवासियों ने स्वयंसेवक के रूप में बढ़-चढ़कर योगदान दिया। समिति ने संकल्प जताया कि श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ऐसे आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।



