कबीरधाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई: अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझी, महिला समेत 03 आरोपी गिरफ्तार

ब्लैकमेलिंग से तंग आकर महिला ने पति और देवर के साथ मिलकर की थी युवक की हत्या
ग्राम बैहरसारी से लापता युवक का शव पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा में बोरी में मिला था
हत्या में प्रयुक्त पाना (औजार) और शव ठिकाने लगाने में इस्तेमाल ट्रैक्टर जब्त
मामले का संक्षिप्त विवरण:
जिला कबीरधाम के थाना बोडला अंतर्गत चौकी पौड़ी क्षेत्र के ग्राम बैहरसरी निवासी युवक कोमल वर्मा दिनांक 28.05.2026 से लापता था। परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। इसी दौरान थाना पांडातराई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सोंढा में एक लावारिस बोरी से मृतक का शव बरामद हुआ। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू की।

पुलिस टीम का गठन एवं नेतृत्व:
पुलिस अधीक्षक कबीरधाम धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला श्री अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में थाना बोडला एवं चौकी पौड़ी पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन कर तकनीकी व सायबर सेल की मदद से जांच शुरू की गई।
कॉल डिटेल और लोकेशन से खुला राज (क्राइम थ्रिलर का पर्दाफाश):
जांच के दौरान मृतक कोमल वर्मा की अंतिम लोकेशन और कॉल डिटेल (CDR) का विश्लेषण करने पर मंदाकिनी वर्मा नाम की महिला से लगातार संपर्क होना पाया गया। संदेह के आधार पर जब मंदाकिनी वर्मा को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए पूरी घटना का खुलासा किया।
हत्या का कारण:
आरोपी महिला मंदाकिनी वर्मा ने बताया कि मृतक कोमल वर्मा उसके कुछ अश्लील वीडियो के जरिए उसे लंबे समय से ब्लैकमेल कर रहा था और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। घटना की रात भी मृतक ने महिला पर संबंध बनाने का दबाव डाला, जिससे तंग आकर महिला ने उसे अपने घर बुलाया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम:
हत्या: घर पहुंचने पर महिला ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाले सरिया मोड़ने के बड़े पाने (लोहे के औजार) से कोमल के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिया। इसी बीच महिला का पति रामस्नेही वर्मा भी जाग गया। दोनों ने मिलकर कोमल वर्मा की गला दबाकर हत्या कर दी।
शव को छिपाना: हत्या के बाद रातभर शव को घर में ही छिपाकर रखा गया।
साक्ष्य मिटाना (शव ठिकाने लगाना): अगले दिन आरोपी रामस्नेही वर्मा ने अपने भाई रूपेश वर्मा के साथ मिलकर शव को एक बोरी में भरा और ट्रैक्टर के माध्यम से पांडातराई क्षेत्र के ग्राम सोंढा ले जाकर फेंक दिया।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
रामस्नेही वर्मा (पति), निवासी- ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला
मंदाकिनी वर्मा (पत्नी), निवासी- ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला
रूपेश वर्मा (भाई/देवर), निवासी- ग्राम बैहरसरी, चौकी पौड़ी, थाना बोडला।
आरोपियों के विरुद्ध थाना बोडला में अपराध क्रमांक 62/2026, धारा 103(1), 238(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
“कबीरधाम पुलिस गंभीर अपराधों के मामलों में त्वरित, निष्पक्ष और प्रभावी कार्यवाही के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों के विरुद्ध ऐसी कठोर वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।”
— कबीरधाम पुलिस प्रशासन




