नन्हीं बेटी चाँदनी मेरावी के हाथों हुआ बोक्कर खार में नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण

“हमारे विकास का सबसे सुंदर केंद्र हमारे बच्चे हैं, इसलिए लोकार्पण भी उन्हीं के हाथों कराया” — नितेश अग्रवाल
कवर्धा। कवर्धा विधानसभा के सुदूर अंचल बोक्कर खार में नवीन आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण, ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम एवं ‘पोषण चौपाल’ का आयोजन आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री नितेश अग्रवाल और जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू की गरिमामयी उपस्थिति में आंगनवाड़ी की ही नन्हीं छात्रा चाँदनी मेरावी के कर-कमलों से फीता कटवाकर नवीन भवन का लोकार्पण कराया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नितेश अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा, “आंगनवाड़ी हमारे गांव के बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला है। यहाँ न केवल पोषण और प्रारंभिक शिक्षा मिलती है, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखी जाती है। हमारे विकास का सबसे सुंदर केंद्र हमारे बच्चे हैं और उनकी मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास की किरणें समाज के अंतिम छोर तक पहुँच रही हैं। दूरस्थ अंचलों में आधुनिक आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण इसी प्रतिबद्धता का परिणाम है। इस दौरान उन्होंने मातृ-शिशु स्वास्थ्य और पोषण सुधार में निरंतर जुटीं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मितानिन दीदियों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित भी किया।
आयोजन के दौरान ‘पोषण चौपाल’ के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं से मातृ-शिशु स्वास्थ्य, संतुलित आहार और बच्चों के समुचित विकास पर सीधा संवाद किया गया।
इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राम किंकर वर्मा, जनपद उपाध्यक्ष नंद श्रीवास, जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, जनपद सभापति छोटेलाल मरकाम, सरपंच मंगतूराम, सरपंच सुरेश धुर्वे, जिला भाजपा उपाध्यक्ष परेटन वर्मा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, मितानिन दीदियां और ग्रामीण जन उपस्थित रहे।




