वानांचल के बच्चों ने किया कमाल: तरेगांव जंगल की रानू जिला में प्रथम, रागनी भी चयनित

जिले के एकमात्र कन्या शिक्षा परिसर महाराजपुर में प्रवेश हेतु 07 फरवरी 2026 को आयोजित प्रवेश परीक्षा में कबीरधाम जिले के विकासखंड बोड़ला के सुदूर वानांचल ग्राम तरेगांव जंगल स्थित निजी विद्यालय सरस्वती शिशु मंदिर तरेगांव के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

परीक्षा में विद्यालय की छात्रा रानू / संतराम परते ने पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, क्षेत्र एवं परिवार का नाम रोशन किया। वहीं रागनी / गोलू राम ने 17वां स्थान हासिल कर प्रवेश के लिए चयनित होकर सफलता अर्जित की। दोनों छात्राएं वर्तमान में सरस्वती शिशु मंदिर तरेगांव जंगल में अध्ययनरत हैं।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मोहन कुमार यादव ने बताया कि तरेगांव जंगल भले ही वानांचल क्षेत्र में स्थित है, लेकिन वर्ष 2017 से अब तक यहां से 35 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे नवोदय विद्यालय, जवाहर उत्कर्ष विद्यालय, एकलव्य विद्यालय तथा भोरमदेव कन्या शिक्षा परिसर में हो चुका है।
विद्यालय परिवार ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है तथा इसे क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक बताया है।




