विधानसभा पंडरिया में पोंडी–बिलासपुर मार्ग निर्माण पर उठे सवाल, आधी रात चलता रहा काम, जिम्मेदार अधिकारी रहे गायब

पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन पोंडी–बिलासपुर मार्ग को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। पंडरिया के स्थानीय युवा नेता आनंद ठाकुर ने सड़क निर्माण कार्य में लापरवाही और गुणवत्ता को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं।
उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर न तो नेशनल हाईवे का कोई अधिकारी मौजूद था और न ही लोक निर्माण विभाग (PWD) का कोई जिम्मेदार कर्मचारी। इसके बावजूद ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा आधी रात तक सड़क निर्माण कार्य जारी रखा गया। मौके पर कई तकनीकी खामियां और निर्माण संबंधी कमियां दिखाई दीं, लेकिन उनकी निगरानी और जवाबदेही तय करने वाला कोई अधिकारी उपस्थित नहीं था।
आनंद ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों से जानकारी और जवाब लेने के लिए घंटों इंतजार किया गया, लेकिन कोई भी जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसे में यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि करोड़ों रुपये की लागत से बनने वाली सड़क की गुणवत्ता की निगरानी आखिर कौन कर रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। यदि निर्माण कार्य बिना विभागीय निगरानी और तकनीकी परीक्षण के किया जाएगा तो जनता को गुणवत्ताहीन सड़क मिलने का खतरा बना रहेगा। विकास की बातें सिर्फ भाषणों, कागजों और फाइलों तक सीमित रह जाएंगी।
स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, निर्माण कार्य की गुणवत्ता की तकनीकी जांच तथा जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार पर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। पंडरिया विधानसभा में यह मामला अब जनचर्चा का विषय बनता जा रहा है और लोग जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।


