कवर्धामध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

रायपुर में सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच की द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी एवं कार्ययोजना बैठक सम्पन्न

News Ad Slider

रायपुर। सेन संगवारी सामाजिक उत्थान मंच द्वारा आयोजित द्वितीय वार्षिक कार्यकारिणी एवं कार्ययोजना बैठक का आयोजन 23 मई 2026, शनिवार को मायाराम सुरजन सभा कक्ष, राजबंधा मैदान रायपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य एवं समाज प्रतिनिधियों सहित कुल 52 लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में जिला कबीरधाम से जिला संयोजक श्रीमती विद्या श्रीवास, शिक्षा प्रकोष्ठ से मन्नूलाल चंद्र सेन, रोजगार प्रकोष्ठ से श्रीमती लता श्रीवास, कला साहित्य प्रकोष्ठ से राकेश चंद्रसेन तथा नशा मुक्ति प्रकोष्ठ से मुकेश चंद्रसेन सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सत्र 2026-27 के लिए समाज हित में व्यापक एवं रचनात्मक कार्ययोजना तैयार करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत वरिष्ठजनों के स्वागत एवं परिचय सत्र से हुई। इसके बाद उपस्थित सदस्यों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, नशामुक्ति, वैवाहिक गतिविधि, रक्तदान एवं विधिक सहायता, सम्मान समारोह और जागरूकता जैसे विषयों पर चर्चा हेतु सात अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया।

प्रत्येक समूह ने समाज की वर्तमान परिस्थितियों, आवश्यकताओं एवं भविष्य की चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर जिला एवं राज्य स्तर पर आगामी वर्ष के लिए ठोस योजनाएं तैयार कीं। जिला कबीरधाम से पहुंचे पदाधिकारियों ने विशेष रूप से सम्मान समारोह आयोजन को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। इसमें समाज के सक्रिय युवा-युवतियों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सफाई विभाग में कार्यरत समाजसेवियों एवं कर्मियों को सम्मानित करने की कार्ययोजना बनाई गई।

बैठक में नशामुक्ति अभियान, सामूहिक वैवाहिक गतिविधियों को बढ़ावा देने, नियमित रक्तदान शिविर लगाने तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम संचालित करने जैसे महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। वक्ताओं ने समाज को संगठित एवं आत्मनिर्भर बनाने पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय केवल नौकरी खोजने का नहीं बल्कि स्व-रोजगार एवं सामाजिक सहयोग के माध्यम से समाज को मजबूत करने का है।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जनसंपर्क विभाग के उप संचालक राजेश श्रीवास उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में ओम प्रकाश सेन, मुलेश्वर श्रीवास, बसंत श्रीवास एवं विजय सेन मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता परमानंद सेन ने की।

मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में समाज के युवाओं एवं पदाधिकारियों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि संगठित प्रयासों से शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में बड़ा परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने आगामी वर्ष की कार्ययोजना को समाज विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

अंत में प्रदेश सचिव लोकनाथ सेन ने समाज हित में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दिलाया तथा सभी अतिथियों एवं उपस्थित सदस्यों का आभार व्यक्त किया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।

मुकेश अवस्थी

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

क्षमा करें ! कॉपी नहीं की जा सकी !