कवर्धा: वनांचल ग्राम खारा में साइकिल वितरण के साथ युवाओं की ‘सियाराम समिति’ बनी पर्यावरण संरक्षण की मिसाल

कवर्धा विधानसभा क्षेत्र के वनांचल ग्राम खारा स्थित हाईस्कूल परिसर में सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्र-छात्राओं को साइकिलों का वितरण किया गया। मुख्य अतिथि जिला भाजपा महामंत्री नितेश अग्रवाल ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और उच्च लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के लिए शिक्षा के मार्ग को सुगम बनाना है, जिससे वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई पूरी कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम खारा के युवाओं द्वारा गठित ‘सियाराम समिति’ के सामाजिक और पर्यावरण कार्यों की विशेष रूप से सराहना की गई। समिति के नौ युवा गांव में निरंतर स्वच्छता अभियान चलाने, श्रमदान करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए वृक्षारोपण जैसे सराहनीय कार्य कर रहे हैं। नितेश अग्रवाल ने युवाओं की इस पहल को रेखांकित करते हुए कहा कि जब युवा स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी उठाते हैं, तो उसका समाज पर व्यापक और सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।

कार्यक्रम के पश्चात सियाराम समिति के युवाओं, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों ने संयुक्त रूप से वृक्षारोपण किया तथा गांव को स्वच्छ, हरा-भरा और सुंदर बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य लोकचंद साहू, मंडल अध्यक्ष गजानंद यादव, मंडल प्रभारी परेटन वर्मा, जिला पंचायत सभापति राजकुमार मेरावी, मंडल महामंत्री भरत पटेल, बारे लाल धुर्वे, प्रकाश धारवैया, ग्राम पंचायत खारा के सरपंच राकेश श्रीवास्तव, धूप सिंह धुर्वे सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और ग्रामीण नागरिक उपस्थित रहे।



