नमो सेवा अभियान: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बोड़ला की बालिकाओं ने नुक्कड़-नाटक से जीवंत कीं मोदी जी की जनहितकारी योजनाएं

बाजार चौक संकुल केंद्र बोड़ला में हुआ नाटक का भव्य मंचन, अतिथियों और ग्रामीणों ने की सराहना
नाटकों के जरिए दिया ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का सशक्त संदेश
बोड़ला। विकासखंड बोड़ला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की बालिकाओं द्वारा ‘नमो सेवा गाथा’ कार्यक्रम के अंतर्गत बाजार चौक संकुल केंद्र बोड़ला में एक विशेष नुक्कड़-नाटक का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी अनूठी अभिनय कला के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की महत्वाकांक्षी जनकल्याणकारी योजनाओं को बेहद सरल और प्रभावी ढंग से जन-जन के सामने प्रस्तुत किया।
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को शासन की विकास योजनाओं के प्रति जागरूक करना और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देना था।

नाटकीय प्रस्तुति के दौरान विद्यालय की बालिकाओं ने एक से बढ़कर एक प्रभावशाली नाटकों का मंचन किया। इन नाटकों के जरिए बेटियों ने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं जैसे— ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘स्वच्छ भारत मिशन’, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वल योजना’, ‘डिजिटल बैंकिंग एवं UPI’ तथा ‘महिला सशक्तिकरण योजना’ के समाज पर पड़े सकारात्मक प्रभावों को जीवंत रूप में दिखाया। बालिकाओं ने अपने संवादात्मक और भावपूर्ण अभिनय से यह संदेश दिया कि कैसे इन योजनाओं ने ग्रामीण अंचलों और गरीब परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाया है। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और शिक्षा पर केंद्रित दृश्यों ने उपस्थित दर्शकों को गहराई से प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथिगण संदीप गुप्ता (सभापति), जस्सू पटेल (सभापति), आसू चन्द्रवंशी (भाजपा युवा मोर्चा), विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती दुरपति धुर्वे, उपाध्यक्ष श्रीमती रीतू मेरावी, अभिभावकगण, संकुल बोड़ला के समन्वयक सगनु धुर्वे तथा सभी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठकों व शिक्षकों ने कस्तूरबा विद्यालय की बेटियों के इस उत्कृष्ट प्रयास की मुक्तकंठ से सराहना की।
अतिथियों ने कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र बोड़ला की इन बालिकाओं ने जिस परिपक्वता और कुशलता के साथ देश की बड़ी-बड़ी योजनाओं को नाटक के रूप में प्रस्तुत किया है, वह वास्तव में प्रेरणादायक है। यह आयोजन दर्शाता है कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में जागरूक हैं और आगे बढ़ रही हैं।




