बलौदाबाजार में गणेश विसर्जन को लेकर पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बलौदाबाजार। आगामी गणेश उत्सव विसर्जन पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी कड़ी में गुरुवार शाम पुलिस प्रशासन द्वारा शहर में भव्य फ्लैग मार्च निकाला गया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के नेतृत्व में निकले इस फ्लैग मार्च में एसडीओपी उषा सोंधिया, डीएसपी (यातायात) मोनिका मरावी, रक्षित निरीक्षक तथा 50 से अधिक पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टुकड़ी शामिल रही।
यह फ्लैग मार्च रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य एवं संवेदनशील मार्गों, गार्डन चौक, नया बस स्टैंड और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों से होता हुआ डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक पर समाप्त हुआ।

उपद्रवियों को चेतावनी, आमजन को सुरक्षा का भरोसा
फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने असामाजिक और उपद्रवी तत्वों को कड़ा संदेश दिया कि विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और नियम तोडने वालों पर सख्त वैधानिक कार्रवाई होगी। वहीं गणेश उत्सव समितियों, श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को सुरक्षा का विश्वास दिलाते हुए त्यौहार को शांति व भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
यातायात के लिए विशेष रूट प्लान
डीएसपी (यातायात) मोनिका मरावी ने बताया कि विसर्जन झांकियों के दौरान शहर में सुगम आवागमन बनाए रखने के लिए विशेष रूट डायवर्जन और पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में नागरिक तत्काल हेल्पलाइन नंबर 112 या नजदीकी थाने में सूचना दें।




