कवर्धामध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़

खेत में फांसी के फंदे पर लटका मिला वृद्ध का शव, क्षेत्र में सनसनी


बोड़ला – ग्राम पंचायत नेऊरगांव खुर्द के आश्रित ग्राम खन्तीपारा में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ रहने वाले 70 वर्षीय वृद्ध शेर सिंह धुर्वे का शव शनिवार सुबह उनके ही खेत में फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
शुक्रवार सुबह से थे लापता
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, शेर सिंह धुर्वे शुक्रवार सुबह लगभग 10 बजे अचानक घर से कहीं चले गए थे। जब वे शाम और देर रात तक भी घर वापस नहीं लौटे, तो चिंतित परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों में उनकी काफी खोजबीन की। लेकिन रातभर ढूंढने के बाद भी उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका।
सुबह पत्नी ने खेत में देखा शव
शनिवार सुबह जब शेर सिंह धुर्वे की पत्नी अपने खेत की तरफ गईं, तो उन्होंने वहां शेर सिंह का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ देखा। पति को इस हालत में देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दी।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा कार्रवाई की। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। वृद्ध ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी अज्ञात है। पुलिस मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

मुकेश अवस्थी

प्रधान संपादक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

क्षमा करें ! कॉपी नहीं की जा सकी !